टीएचडीसी के 39 साल पूरे, ऊर्जा सुरक्षा और इनोवेशन को मिलेगी नई दिशा

IMG_20260714_163435-2048x2048

ऋषिकेश। देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के विद्युत उपक्रम टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने  अपने ऋषिकेश स्थित कॉरपोरेट कार्यालय सहित देशभर की सभी परियोजनाओं एवं इकाई कार्यालयों में 39वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर कंपनी ने नवाचार, प्रचालनात्मक उत्कृष्टता, सतत विकास तथा देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने के अपने संकल्प को दोहराया।

समारोह का शुभारंभ टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री सिपन कुमार गर्ग ने ध्वजारोहण कर किया। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कंपनी की 39 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख किया और कहा कि स्थापना दिवस केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि नवाचार, उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कंपनी की प्रगति में सभी कर्मचारियों के समर्पण और सामूहिक प्रयासों की सराहना की।

श्री गर्ग ने बताया कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की कुल स्थापित क्षमता अब 3,907 मेगावाट हो चुकी है। हाल ही में 1,000 मेगावाट के टिहरी वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज प्लांट तथा 1,320 मेगावाट के खुर्जा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट के संचालन से कंपनी ने विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने विश्वास जताया कि टीएचडीसी पंप स्टोरेज क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाते हुए भारत की ऊर्जा सुरक्षा और आत्मनिर्भर ऊर्जा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करेगा।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को मेरिटोरियस अवॉर्ड, सजेशन मेला अवॉर्ड, इनोवेशन अवॉर्ड, स्विफ्ट डिसीजन-मेकिंग अवॉर्ड, बेस्ट इम्प्लॉई, गौरव अवॉर्ड और नमन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। कंपनी के पूर्व निदेशक (वित्त)  जे. बेहेरा को वित्तीय प्रबंधन एवं संस्थागत विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘नमन पुरस्कार’ प्रदान किया गया।

समारोह में मुख्य तकनीकी अधिकारी  एल.पी. जोशी, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं)  कुमार शरद, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) डॉ. ए.एन. त्रिपाठी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *