देहरादून। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने देहरादून में शहरी विकास, जलागम प्रबंधन एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जनहित से जुड़े कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचना चाहिए और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।
शहरों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर शहरी विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने शहरों में पेयजल वितरण व्यवस्था, सीवरेज लाइन, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को तय समयावधि में पूरा करने को कहा, ताकि निर्माण कार्यों के कारण आम जनता को लंबे समय तक असुविधा का सामना न करना पड़े। जल स्रोतों के पुनर्जीवन को मिले प्राथमिकता जलागम प्रबंधन विभाग की समीक्षा करते हुए कैड़ा ने जल संरक्षण और जल संवर्धन से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन एवं संरक्षण के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
पर्यावरण संरक्षण के लिए अभियान तेज करने के निर्देश पर्यावरण विभाग की समीक्षा में मंत्री ने विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने पौधरोपण एवं प्लास्टिक उन्मूलन अभियानों को गति देने तथा प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने और बजट का शत-प्रतिशत पारदर्शी एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में तीनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।