टिहरी: जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित कक्ष में जनपद में खेल मैदानों के निर्माण एवं खेल अवस्थापना सुविधाओं के विकास को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवा कल्याण विभाग द्वारा केन्द्र पोषित विशेष सहायता योजना (पूंजीगत निवेश) के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि स्वीकृत निर्माण कार्यों में से कुछ कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य प्रगतिरत हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जनपद में योजना के तहत देवप्रयाग के चन्द्रबदनी मिनी स्टेडियम में शेड एवं दर्शकदीर्घा निर्माण, बमाणा में ओपन जिम स्थापना, प्रतापनगर के रैका में खेल मैदान निर्माण, भिलंगना के घनसाली, सांकरी, जाख-नैलचामी एवं विकासखंड परिसर में विभिन्न खेल अवस्थापना कार्य, चंबा के तुंगोली, दिखोलगांव एवं बौराड़ी स्टेडियम, जाखणीधार के मंदार एवं सेमंडीधार, थौलधार के गैर नगुण एवं इंडोर बैडमिंटन कोर्ट तथा कीर्तिनगर के बाघसैण मिनी स्टेडियम में निर्माण एवं विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्मित एवं निर्माणाधीन खेल मैदानों में खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके लिए मैदानों में फेंसिंग, सुरक्षा दीवारों को मजबूत करने तथा आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैडमिंटन हॉल के अंदर खिलाड़ियों के अनुकूल आकर्षक एवं खेल भावना को प्रोत्साहित करने वाली चित्रकारी अथवा वॉलपेपर लगाने को भी कहा, ताकि हॉल का वातावरण बेहतर और प्रेरणादायक बन सके।
उन्होंने बौराड़ी स्टेडियम में निर्माणाधीन कार्य को नवंबर माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई बृजेश गुप्ता, युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र फोनिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।