लखवाड़ बांध परियोजना से प्रभावितों की समस्याओं एवं मांगों पर जिलाधिकारी ने की बैठक

WhatsApp Image 2026-11-03 at 8.08.49 PM

टिहरी गढ़वाल: जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में लखवाड बांध परियोजना के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संघर्ष संयुक्त समिति जौनपुर-जौनसार के प्रतिनिधियों द्वारा परियोजना से प्रभावित परिवारों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा गया। बैठक में मुख्य रूप से यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा युवाओं के स्थायी रोजगार हेतु 40 पदों को फ्रीज तथा 400 अन्य पदों को अनफ्रीज कर भर्ती विज्ञापन जारी करने, यूजेवीएनएल के लखवाड़ बांध कार्यालय, अतिथि गृह एवं अन्य स्थानों पर प्रभावित युवाओं को कॉन्ट्रैक्ट आधार पर नियुक्ति देने की मांग रखी गई।

इसके अतिरिक्त लखवाड़ बांध परियोजना से पूर्ण प्रभावित ग्राम रणोगी, कुन्ना एवं लोहारी के विस्थापन, पूर्व में अधिग्रहित भूमि के संबंध में प्रभावित काश्तकारों को अनुग्रह राशि का भुगतान, परिसंपत्तियों का मूल्यांकन तथा घराट एवं अन्य व्यावसायिक परिसंपत्तियों का मूल्यांकन कर प्रतिकर दिए जाने की मांग उठाई गई। प्रतिनिधियों द्वारा परिवार गणना वर्ष 2023 की विसंगतियों को दूर करने, कृषि मजदूरी की दर वर्तमान दरों के अनुरूप निर्धारित करने, परिवार गणना की कटऑफ वर्ष 2026 किए जाने, लखवाड़ बांध से नई अधिग्रहित भूमि के प्रभावित काश्तकारों के लिए जमरानी बांध की आर एंड आर पॉलिसी के अनुरूप नीति निर्धारित करने तथा कैंपटी बाजार की बाजार दरों के आधार पर नई अधिग्रहित भूमि की दरें तय करने की मांग भी रखी गई।

जिलाधिकारी ने समिति के प्रतिनिधियों की सभी मांगों एवं समस्याओं को धैर्यपूर्वक और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मुआवजा प्रकरणों में सभी अभिलेख एवं औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं, उनकी फाइलें मुआवजा भुगतान हेतु शीघ्र अग्रसारित की जाएं। रोजगार के संबंध में जिलाधिकारी ने संघर्ष संयुक्त समिति के अध्यक्ष एवं सचिव से प्रभावित परिवारों का समेकित डेटाबेस तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा, ताकि रोजगार के लिए पात्र युवाओं का विवरण संबंधित कंपनी को उपलब्ध कराया जा सके तथा रोजगार संबंधी प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जा सके।

बैठक में उपजिलाधिकारी धनौल्टी (आईएएस) अंशुल, राजस्व विभाग से एसएलएओ नीलू चौहला, बीना सेमवाल, यूजेवीएनएल से डीजीएम शिवदास, जेई संजय रावत एवं ईई सिविल प्रकाश चौहान, समिति के अध्यक्ष महिपाल सिंह, उपाध्यक्ष आनंद सिंह तोमर, कंडी गांव के प्रधान आनंद सिंह रावत, सह सचिव सुरेश रावत तथा सदस्य जसपाल सिंह सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *