स्वतंत्रता दिवस पर नगर पालिका चम्बा की सौगात, पांच स्थानों पर स्थापित हुए वाटर एटीएम

Chamba Municipality

चम्बा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका चम्बा(Chamba Municipality) ने नगरवासियों को स्वच्छ पेयजल की दिशा में बड़ी सौगात दी है। नगर क्षेत्र के पांच स्थानों पर वाटर एटीएम (आरओ) स्थापित कर दिए गए हैं। पानी के कनेक्शन का कार्य पूरा होते ही इनका विधिवत लोकार्पण कर आम जनता के लिए संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

नगर पालिका चम्बा(Chamba Municipality) के अधिशासी अधिकारी प्रशांत चौधरी ने बताया कि नगरवासियों और यहां आने वाले पर्यटकों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन वाटर एटीएम की स्थापना की गई है। फिलहाल सभी स्थानों पर पानी के कनेक्शन की प्रक्रिया जारी है। कनेक्शन होते ही वाटर एटीएम जनता को समर्पित कर दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि वर्तमान नगर पालिका बोर्ड के करीब डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में अब तक नगर क्षेत्र में कुल 10 स्थानों पर वाटर एटीएम स्थापित किए जा चुके हैं। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ चम्बा पहुंचने वाले पर्यटकों को भी स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी।

तीन बड़े जल भंडारण टैंक भी बनेंगे

ईओ प्रशांत चौधरी ने बताया कि नगर में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका अध्यक्ष एवं सभी सभासदों के साझा प्रयासों से कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत नगर क्षेत्र में तीन स्थानों पर एक-एक लाख लीटर क्षमता वाले तीन बड़े पानी के टैंक बनाए जाएंगे।

नगर पालिका प्रशासन(Chamba Municipality) ने इन जल भंडारण टैंकों का निर्माण गणतंत्र दिवस 2027 तक पूरा कर उन्हें चम्बा नगरवासियों को समर्पित करने का लक्ष्य रखा है। इन टैंकों के निर्माण से नगर में पेयजल की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। साथ ही, लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *