टिहरी डीएम द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण, बच्चों की शिक्षा और पोषण व्यवस्था का लिया जायजा

WhatsApp Image 2026-08-06 at 10.11.28 PM

टिहरी। टिहरी जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विकासखंड चंबा स्थित सुमन कॉलोनी आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं, बच्चों की शिक्षा और पोषण संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका, पोषण पंजिका सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की तथा केंद्र में पंजीकृत बच्चों की संख्या, नियमित वजन परीक्षण और पोषण आहार की जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने सहायक आंगनवाड़ी कार्यकत्री को निर्देश दिए कि सभी बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही बच्चों के वजन, स्वास्थ्य और पोषण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों के बीच बैठकर उन्हें ब्लैकबोर्ड पर अंग्रेजी वर्णमाला और प्रारंभिक अक्षर ज्ञान का अभ्यास कराया।

उन्होंने बच्चों से वर्णमाला और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़े प्रश्न भी पूछे, जिनका बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ संतोषजनक उत्तर दिया। इसके अलावा जिलाधिकारी ने बच्चों की पुस्तकों का अवलोकन किया और उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को बेहतर शिक्षा और पोषण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

निरीक्षण के दौरान सहायक आंगनवाड़ी कार्यकत्री लक्ष्मी देवी भी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *