जिला योजना समिति गठन की प्रक्रिया शुरू, जनता से मांगे गए सुझाव

IMG-20260702-WA0799-2048x1561

देहरादून: जनपद  में जिला योजना समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने समिति के गठन के लिए प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का अनंतिम परिसीमन जारी कर दिया है। इसके साथ ही आमजन से 4 जुलाई तक आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज नोडियाल ने बताया कि अंतिम परिसीमन के अनुसार जनपद की ग्रामीण जनसंख्या 5,48,851 निर्धारित की गई है।

इसके आधार पर जिला पंचायत के 30 निर्वाचित सदस्य होंगे। इनमें से 10 सदस्यों का चयन जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्य अपने मध्य से करेंगे। उन्होंने बताया कि नगर निकाय क्षेत्रों की कुल जनसंख्या 10,49,328 है। इसके आधार पर जनपद के सात नगर निकायों में 202 निर्वाचित सदस्य होंगे। इनमें से 20 सदस्य अपने मध्य से जिला योजना समिति के लिए निर्वाचित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के अनंतिम परिसीमन पर यदि किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति या सुझाव हो तो वह अपनी लिखित आपत्ति जिलाधिकारी कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय अथवा जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में 4 जुलाई, 2026 तक प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्राप्त आपत्तियों पर 6 जुलाई को सुनवाई होगी। इसके बाद 8 जुलाई को शासन को आख्या भेजी जाएगी। शासन स्तर पर 10 जुलाई को प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का अंतिम परिसीमन किया जाएगा तथा 13 जुलाई, 2026 को अंतिम परिसीमन का विधिवत प्रकाशन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *