हरिद्वार में अवैध लाउडस्पीकरों पर पुलिस का शिकंजा, मानकों का कराया पालन

IMG-20260718-WA0587

हरिद्वार। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण एवं सार्वजनिक शांति व्यवस्था संबंधी दिशा-निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार के निर्देश पर जनपदभर में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना अनुमति अथवा निर्धारित ध्वनि मानकों के विपरीत संचालित लाउडस्पीकरों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए धार्मिक स्थलों से कुल 94 लाउडस्पीकर हटवाए गए।

पुलिस द्वारा शहर और देहात क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों पर लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में संचालित शहर क्षेत्र के 31 तथा देहात क्षेत्र के 63 लाउडस्पीकर हटवाए गए। साथ ही संबंधित प्रबंधकों और समितियों को बिना सक्षम अनुमति एवं निर्धारित मानकों का पालन किए बिना लाउडस्पीकर संचालित न करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संबंधित व्यक्तियों, प्रबंधकों एवं समितियों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका पालन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति या संस्था बिना अनुमति अथवा निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करते हुए लाउडस्पीकर संचालित करती पाई गई तो संबंधित अधिनियमों एवं नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जनपदवासियों से ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *