अतिक्रमण और बढ़ते यातायात को देखते हुए ग्राफिक एरा ने लिया अहम फैसला

IMG_20260812_180125

देहरादून। क्लेमेंट टाउन क्षेत्र में बढ़ती भीड़, अतिक्रमण और आवासीय क्षेत्र में बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों के बीच ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने अपने शैक्षणिक ढांचे में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। संस्थान के अधिकांश शैक्षणिक पाठ्यक्रम अब चकराता रोड स्थित मेडिकल कॉलेज के आसपास विकसित किए जा रहे नए परिसर में संचालित किए जाएंगे। शैक्षणिक गतिविधियों को नए परिसर में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया अक्टूबर 2026 से शुरू करने की तैयारी है। पूरी शिफ्टिंग को करीब दो वर्षों में चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला के अनुसार, क्लेमेंट टाउन स्थित वर्तमान परिसर को भविष्य में मुख्य रूप से आवासीय परिसर के रूप में संचालित करने की योजना है। यहां छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल की सुविधा जारी रहेगी, जबकि विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों की शैक्षणिक गतिविधियां मेडिकल कॉलेज के आसपास विकसित किए जा रहे नए परिसर में स्थानांतरित की जाएंगी।

अक्टूबर से पहले चरण की शुरुआत
डॉ. घनशाला ने बताया कि शैक्षणिक गतिविधियों के स्थानांतरण का पहला चरण अक्टूबर 2026 से शुरू किया जाएगा। पहले चरण में नर्सिंग, फार्मेसी और पैरामेडिकल से जुड़े पाठ्यक्रमों को नए परिसर में स्थानांतरित करने की योजना है। इसके बाद अन्य पाठ्यक्रमों को भी आवश्यकता और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार चरणबद्ध तरीके से नए परिसर में ले जाया जाएगा।

नए परिसर में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें कक्षाओं के साथ प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, हॉस्टल और अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं। संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को एक ही क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना है।

अतिक्रमण और यातायात बना चुनौती
ग्राफिक एरा प्रबंधन के अनुसार, क्लेमेंट टाउन क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के कारण सड़कों और मार्गों की चौड़ाई प्रभावित हुई है। वहीं, आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार से क्षेत्र का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है। ऐसे में बड़े शैक्षणिक संस्थान का संचालन करना लगातार चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।

क्लेमेंट टाउन से सेना और वायुसेना के वाहनों के साथ पर्यटकों, स्थानीय लोगों और विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों की भी नियमित आवाजाही होती है। बढ़ते अतिक्रमण और यातायात दबाव के कारण आवागमन प्रभावित होने की स्थिति सामने आती रही है।

कमेटी गठन के बाद भी कार्रवाई की रफ्तार धीमी
क्लेमेंट टाउन में अतिक्रमण और बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से भी कई बार उच्च स्तर पर अनुरोध किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद जिला स्तर पर प्रशासन, पुलिस, प्राधिकरण, नगर निगम सहित संबंधित विभागों की एक कमेटी का गठन किया गया था। हालांकि, कमेटी के गठन के बाद इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी।

ऐसे में ग्राफिक एरा प्रबंधन की ओर से अधिकांश शैक्षणिक गतिविधियों को क्लेमेंट टाउन से बाहर स्थानांतरित करने का निर्णय क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे एक ओर संस्थान को अधिक व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर क्लेमेंट टाउन क्षेत्र पर पड़ रहे शैक्षणिक गतिविधियों और यातायात के अतिरिक्त दबाव में भी कमी आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *