किसान सुखवंत सिंह की आत्महत्या : कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, सीबीआई जांच की मांग

WhatsApp Image 2026-01-13 at 6.34.36 PM

काशीपुर : उत्तराखंड के काशीपुर में करोड़ों की जमीन धोखाधड़ी मामले में न्याय की आस लगाए किसान सुखवंत सिंह (Farmer Sukhwant Singh) की आत्महत्या ने पूरे राज्य को स्तब्ध कर दिया है। कांग्रेस नेताओं ने इसे भाजपा सरकार की ‘किसान-विरोधी नीतियों’ और पुलिस की लापरवाही का नतीजा बताते हुए कड़ी आलोचना की है।उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, सह प्रभारी मनोज यादव, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक तिलकराज बेहड़, आदेश चौहान और सुमित हृदयेश मंगलवार को काशीपुर पहुंचे।

उन्होंने मृतक किसान के परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और न्याय की लड़ाई लड़ने का भरोसा दिलाया। गोदियाल ने कहा, “किसान की आत्मा रो रही है और सरकार सो रही है। सुखवंत सिंह ने अपनी वीडियो में जिले के कई अधिकारियों के नाम लिए थे, जिन्होंने सालभर तक उनका मुकदमा दर्ज नहीं कराया। राज्य की कानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर है।” उन्होंने मांग की कि मामले की सीबीआई से जांच हो और एसएसपी समेत नामित अधिकारियों को निलंबित किया जाए।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पुलिस के ‘दोहरे रवैये’ पर सवाल उठाते हुए कहा कि सुखवंत को जो पैसा लौटाना था, वह मुआवजे के रूप में परिजनों को दिया जाए। सह प्रभारी मनोज यादव ने पुलिस कुप्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया, जो काशीपुर से देहरादून तक न्याय न दिला सका। कांग्रेस ने संकल्प लिया कि यह लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी। दूसरी ओर, जिला प्रशासन ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *