मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना ग्रामीण उद्यमियों के लिए सुनहरा मौका, टिहरी में होंगी चौपाल

WhatsApp Image 2026-08-19 at 9.40.14 PM

टिहरी गढ़वाल: मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल के सभी विकासखण्डों में एमयूवाई चौपाल का आयोजन किया जाएगा, मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल ने बताया कि चौपाल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों एवं हुनर को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों में बदलने तथा ग्रामीण उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन, तकनीकी जानकारी और विभिन्न विभागीय योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एमयूवाई चौपाल कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश स्तर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दिनांक 21 अगस्त को प्रातः 11 बजे देहरादून में किया जायेगा इसके साथ ही जनपद स्तर पर भी कार्यक्रम का शुभारम्भ किया जायेगा तथा आईईसी वैन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया जायेगा, 21 अगस्त से 6 सितम्बर तक जनपद के सभी विकास खण्डों में नामित नोडल अधिकारी की देख-रेख में आयोजित किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि एमयूवाई चौपाल का मुख्य उद्देश्य गांवों में उद्यमिता का ऐसा मजबूत वातावरण तैयार करना है, जहां स्थानीय युवा, महिलाएं, स्वयं सहायता समूह तथा अन्य ग्रामीण उद्यमी अपने हुनर और स्थानीय संसाधनों के आधार पर नए व्यवसाय शुरू कर सकें और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग एक ही मंच पर मिल सके। चौपाल के माध्यम से संभावित उद्यमियों की पहचान कर उन्हें व्यवसाय की अवधारणा तैयार करने, बाजार की समझ विकसित करने, उत्पाद की गुणवत्ता एवं पैकेजिंग, ब्रांडिंग, वित्तीय प्रबंधन तथा बाजार से जोड़ने जैसी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। सीडीओ ने बताया कि योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध प्राकृतिक, कृषि एवं स्थानीय संसाधनों की पहचान कर उनके बेहतर उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन, बाजार संपर्क, डिजिटल माध्यमों के उपयोग, वित्तीय साक्षरता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं संस्थागत सहायता की जानकारी उद्यमियों तक पहुंचाई जाएगी।

इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी गति मिलेगी। एमयूवाई चौपाल में स्थानीय उत्पादों एवं उद्यमों को बढ़ावा देने, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को बाजार से जोड़ने, वित्तीय एवं तकनीकी सहायता की जानकारी देने तथा विभिन्न विभागों और सहयोगी संस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। चौपाल में सफल उद्यमियों के अनुभव भी साझा किए जाएंगे, ताकि नए उद्यमियों को व्यावहारिक जानकारी और प्रेरणा मिल सके। उन्होंने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विकासखंड स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु आईईसी वैन के माध्यम से भी विकासखंडों में भ्रमण कर मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जाएगी तथा इच्छुक उद्यमियों को योजना से संबंधित जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एमयूवाई चौपाल से जानकारी प्रदान करने ग्रामीण क्षेत्रों में वास्तविक उद्यमिता को बढ़ावा देने जैसे प्रभावी कार्य किया जाए तथा इच्छुक ग्रामीणों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराते हुए उन्हें संबंधित विभागों एवं योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। एमयूवाई चौपाल के माध्यम से गांव में ही अवसर, हुनर को व्यवसाय और स्थानीय संसाधनों को आजीविका का आधार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *