टिहरी गढ़वाल: रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। एसआईएस सिक्योरिटी (एसआईएस इंडिया लिमिटेड), देहरादून की ओर से टिहरी जनपद के विभिन्न विकासखंडों में सुरक्षा जवानों की भर्ती के लिए भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला सेवायोजन विभाग के अनुसार इच्छुक बेरोजगार युवा निर्धारित तारीख और स्थान पर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में प्रतिभाग कर सकते हैं।
10वीं पास/फेल युवा भी कर सकते हैं प्रतिभाग
जिला सेवायोजन अधिकारी टिहरी लक्ष्मी यादव ने बताया कि भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 10वीं पास/फेल निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा अभ्यर्थी की न्यूनतम ऊंचाई 165 सेंटीमीटर और वजन कम से कम 50 किलोग्राम होना जरूरी है।
चयनित युवाओं को मिलेगा एक महीने का प्रशिक्षण
भर्ती प्रक्रिया में चयनित अभ्यर्थियों को एसआईएस ट्रेनिंग एकेडमी, देहरादून में एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए प्रति अभ्यर्थी 10,900 रुपये शुल्क निर्धारित है। इसमें भोजन, आवास और वर्दी की सुविधा शामिल होगी।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद चयनित सुरक्षा जवानों को 15,000 रुपये से 30,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलने की जानकारी दी गई है।
पंजीकरण शुल्क भी निर्धारित
भर्ती में पंजीकरण शुल्क 350 रुपये निर्धारित किया गया है। यह शुल्क भर्ती शिविर के दौरान केवल चयनित अभ्यर्थियों से लिया जाएगा।
टिहरी में कब और कहां लगेगा भर्ती शिविर?
भर्ती शिविरों का आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। विकासखंडवार कार्यक्रम इस प्रकार है:
विकासखंड भर्ती शिविर की तारीख
जौनपुर 17-18 अगस्त 2026
धौलधार 19-20 अगस्त 2026
प्रतापनगर 21-22 अगस्त 2026
भिलंगना 24-25 अगस्त 2026
कीर्तिनगर 26-27 अगस्त 2026
देवप्रयाग 29-30 अगस्त 2026
जाखणीधार 31 अगस्त-1 सितंबर 2026
चंबा 2-3 सितंबर 2026
नरेंद्रनगर 5-7 सितंबर 2026
सभी भर्ती शिविर संबंधित खंड विकास कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे।
युवाओं से भर्ती शिविर में पहुंचने की अपील
जिला सेवायोजन अधिकारी ने इच्छुक बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तारीख और समय पर संबंधित विकासखंड कार्यालय में पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में प्रतिभाग करें।
भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 7905086105 मोबाइल नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।