कैफे फायरिंग कांड का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी हथियार सहित दबोचा

IMG-20260722-WA0502

देहरादून: पटेलनगर क्षेत्र में दून मेडिकल कॉलेज के निकट स्थित एक कैफे के बाहर हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में फायरिंग की वजह डेढ़ लाख रुपये के लेन-देन का विवाद सामने आया है।

पुलिस के अनुसार 19 जुलाई को रामनगर मकदूमपुर, झबरेड़ा (हरिद्वार) निवासी सन्नी चौधरी ने कोतवाली पटेलनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि स्वास्तिक कैफे के बाहर शुभम और युवराज ने जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसके बाद 21 जुलाई को पुलिस ने मुख्य आरोपी शुभम पंवार को चंद्रबनी चौक से चंद्रबनी जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वादी के साथ उसका करीब डेढ़ लाख रुपये का लेन-देन था। दोनों पहले अच्छे मित्र थे, लेकिन पैसों के विवाद के चलते रिश्ते बिगड़ गए। आरोपी ने बताया कि कई बार विवाद सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन सकी। घटना वाली रात उसे पता चला कि वादी एक पीजी हॉस्टल के पास मौजूद है। वहां बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर उसने पिस्टल से फायर कर दिया।

हालांकि आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के कारण गोली वादी को नहीं लगी और आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम पंवार (27) पुत्र रविंद्र पंवार, निवासी ग्राम डेलना, थाना झबरेड़ा, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *