आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए घर-घर पहुंचेगा जागरूकता का संदेश

IMG-20260919-WA0823

हल्द्वानी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने  हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस में ‘सेवा संकल्प’ अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन और व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता को जोड़ने वाला व्यापक अभियान होगा। इसका उद्देश्य बच्चों, माताओं और अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य तथा संतुलित आहार के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की शिक्षा और पोषण तक सीमित न रहें, बल्कि माताओं, बच्चों और परिवारों के लिए जागरूकता एवं संवाद के मजबूत मंच के रूप में विकसित हों। बच्चों के स्वस्थ भविष्य की नींव मजबूत करना और प्रत्येक परिवार तक पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी संदेश पहुंचाना ‘सेवा संकल्प’ अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन ब्लॉकों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, वहां कार्यक्रमों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई जाए और उसे विभागीय वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाए। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

मंत्री ने बताया कि प्रदेशभर में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक 13 दिनों के दौरान ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नैनीताल जिले में 1,916 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से विभिन्न ब्लॉकों में कार्यक्रम होंगे। इन आयोजनों में बच्चों, माताओं एवं अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य और संतुलित आहार के प्रति जागरूक करने के साथ ही जनसहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 13 दिनों तक चलने वाला यह अभियान बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के साथ-साथ अभिभावकों को जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रमों के माध्यम से विभागीय योजनाओं की जानकारी भी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाई जाएगी।

बैठक में भाजपा महामंत्री रंजन सिंह बर्गली, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कंचन उप्रेती, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष रविन्द्र बाली, महिला मोर्चा महामंत्री आभा गोस्वामी, राशि जैन, जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्य, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनु लेखा सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *