टिहरी गढ़वाल: स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को स्वतंत्रता दिवस से संबंधित तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने तथा आयोजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी प्रमुख स्थानों पर 12 अगस्त को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में स्वच्छता अभियान के लिए स्थल चयनित करने के निर्देश दिए।
अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के साथ ही स्थानीय निवासियों की सहभागिता भी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चयनित स्थलों की स्वच्छता अभियान से पूर्व एवं अभियान के बाद की फोटो अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि 13 अगस्त को तिरंगा रैली डाइजर से प्रारंभ होकर हनुमान चौक, मुख्य बाजार होते हुए साईं चौक से बौराड़ी तक निकाली जाएगी। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर रूट पर सुचारू यातायात व्यवस्था, एंबुलेंस तथा मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रैली के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग से आवश्यक समन्वय करने को कहा।
उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस गरिमापूर्ण एवं जनसहभागिता के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी, दो मिनट का मौन, वृत्तचित्र प्रदर्शन, श्रद्धांजलि एवं कैंडल मार्च आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भाषण, निबंध, वाद-विवाद एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने नगर पालिका को शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही शहीद स्मारक की साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाएं बेहतर एवं व्यवस्थित नजर आनी चाहिए।
तिरंगा रैली के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस एवं चिकित्सकीय टीम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ब्लड डोनेशन कैंप भी आयोजित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि 14 एवं 15 अगस्त को सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों को एलईडी लाइटों से प्रकाशमान किया जाए। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को सभी राजकीय कार्यालयों में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि मुख्य कार्यक्रम स्थल प्रताप इंटर कॉलेज में मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चयनित स्थलों तथा अमृत सरोवरों में पौधरोपण कराने के साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्य कार्यक्रम स्थल एवं तहसीलों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित करने के लिए संबंधित उपजिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला विकास अधिकारी मो. असलम, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी रवींद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।