NEET उम्मीदवारों के लिए विशेष सुविधा, निःशुल्क बस यात्रा का लाभ मिलेगा

IMG_20260618_094955

देहरादून। राज्य में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (NEET) प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। यह सुविधा गुरुवार रात 12 बजे से लागू होकर 23 जून की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। परिवहन निगम के अनुसार, यह सुविधा केवल उत्तराखंड राज्य के निवासी परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध होगी।

अभ्यर्थी अपने गृह स्थान से परीक्षा केंद्र तक आने और परीक्षा समाप्त होने के बाद वापस घर लौटने के लिए निगम की साधारण बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगे। निगम द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, यह सुविधा परीक्षा तिथि से दो दिन पूर्व तथा परीक्षा के दो दिन बाद तक मान्य रहेगी। हालांकि, इसका लाभ केवल एक बार ही लिया जा सकेगा।

यात्रा के दौरान अभ्यर्थियों को अपना नीट प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) दिखाना होगा। हार्ड कॉपी के अलावा मोबाइल फोन में उपलब्ध स्पष्ट डिजिटल कॉपी भी मान्य होगी। परिवहन निगम ने सभी मंडलीय और डिपो प्रबंधकों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। परिवहन निगम का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य दूर-दराज क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा प्रदान करना और उनकी यात्रा संबंधी कठिनाइयों को कम करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *