दिनांक 04 नवम्बर 2026 को जिला गंगा संरक्षण समिति, टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में गंगा उत्सव-2026 के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग स्थित पवित्र संगम घाट पर भव्य दीपोत्सव एवं गंगा आरती कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय नदी गंगा के प्रति जनमानस में श्रद्धा एवं सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ गंगा नदी के संरक्षण, स्वच्छता एवं निर्मलता के प्रति आमजन को जागरूक करना तथा भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं से लोगों को जोड़ना रहा।
इस अवसर पर अलकनंदा एवं भागीरथी नदियों के पावन संगम स्थल पर दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। दीपों की रोशनी से संगम घाट का वातावरण अत्यंत मनमोहक एवं आध्यात्मिक हो उठा। इसके उपरांत विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा की आरती की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने मां गंगा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में श्री रघुनाथ मंदिर, देवप्रयाग के मुख्य पुजारी, नगर पालिका परिषद देवप्रयाग अधिशासी अधिकारी तथा नगर पालिका एवं संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने गंगा नदी के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि मां गंगा केवल हमारी धार्मिक एवं आध्यात्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा एवं जीवनदायिनी नदी भी हैं। अतः गंगा की निर्मलता एवं अविरलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए नदी एवं उसके तटवर्ती क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा-कचरा नदी में न डालने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है।