देहरादून। उत्तराखण्ड में रेल कनेक्टिविटी को और सुदृढ़ करने की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेलवे मंत्रालय ने हरिद्वार को तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं की सौगात दी है। इसके तहत बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही हरिद्वार से वेरावल तथा हरिद्वार से ओखा के लिए दो नई एसी एक्सप्रेस रेल सेवाओं के संचालन को स्वीकृति प्रदान की गई है।
केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को इन रेल सेवाओं की स्वीकृति की जानकारी दी है। इन सेवाओं के शुरू होने से हरिद्वार की देश के प्रमुख धार्मिक, पर्यटन एवं आर्थिक केंद्रों से रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों के साथ-साथ आर्थिक विकास में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका है। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में रेल सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई रेल सेवाओं से उत्तराखण्ड आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के साथ ही व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा आम यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
हरिद्वार से गुजरात के प्रमुख धार्मिक एवं तटीय क्षेत्रों तक सीधी रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से यात्रियों को विशेष लाभ होगा। रेल सेवाओं के विस्तार को उत्तराखण्ड की कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे हरिद्वार की देश के विभिन्न हिस्सों से सीधी रेल पहुंच बढ़ेगी और प्रदेश के पर्यटन एवं तीर्थाटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।