सार्वजनिक जगह पर शराब पीते मिले 20 लोग, पुलिस ने हिरासत में लिया

IMG-20260906-WA0964

देहरादून। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करना 20 लोगों को भारी पड़ गया। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने क्षेत्र में अभियान चलाकर सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे 20 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने सभी के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत दोहराने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नेहरू कॉलोनी पुलिस ने 6 अगस्त को थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते मिले 20 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

पुलिस वाहन से सभी को थाने लाया गया, जिसके बाद उनके विरुद्ध धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने शराब पीकर सार्वजनिक स्थानों पर माहौल खराब करने वालों को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ और कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों में हड़कंप मचा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *