नरेन्द्रनगर (टिहरी गढ़वाल)। नरेन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र के ओणी गांव स्थित स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने प्रतिभाग कर किशोरियों, माताओं और नन्हे-मुन्ने बच्चों से संवाद किया। उन्होंने लाभार्थियों की समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और परिवारों के समग्र विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार का प्रयास है कि आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिला एवं बाल विकास, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही हैं। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। रेखा आर्या ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ बचपन ही प्रदेश के मजबूत भविष्य की नींव है।
बच्चों को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ किशोरियों और माताओं को भी सरकारी योजनाओं से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बच्चों के साथ किया भोजन, गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ भोजन भी किया। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। इसके अलावा आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़े लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्री और सहायिका को सम्मानित किया गया।
मंत्री ने स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह केंद्र पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य और बच्चों के सुरक्षित वातावरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उदाहरण है। कार्यक्रम में ग्रामीणों और लाभार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इन्हें मिला योजनाओं का लाभ
महालक्ष्मी किट: सुषमा, गंगा, रेशमा और मनीषा।
गर्भवती महिलाओं को लाभ: काजल, प्रिया और पुष्पा।
किशोरी बालिका योजना: काजल, निधि, श्वेता, वैष्णवी और शिया।
सम्मानित: आंगनवाड़ी कार्यकत्री आरती देवी और सहायिका पूनम।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौतम, सीडीपीओ संगीता परिहार, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल, एसडीएम आशीष घिल्डियाल, ग्राम प्रधान दीपक, सुपरवाइजर किरण राणा, सीमा देवी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मातृशक्ति, किशोरियां और नन्हे-मुन्ने बच्चे मौजूद रहे।