नेपाल त्रासदी के बीच सादगी से मनाया तीज, पीड़ितों की मदद का संकल्प

IMG-20260920-WA0631-2048x1536

देहरादून। महिला एकता समिति रायपुर की ओर से इस वर्ष हरितालिका तीज उत्सव सादगी के साथ मनाया गया। नेपाल में 26 अगस्त को आई जल प्रलय आपदा में हुए जान-माल के नुकसान को देखते हुए समिति ने भव्य आयोजन के बजाय संवेदनशीलता के साथ कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान नेपाल आपदा में दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की गई और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि हरितालिका तीज महिलाओं की आस्था, समर्पण, प्रेम और पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना का पर्व है। ऐसे आयोजन अपनी सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को जीवंत रखने के साथ समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करते हैं।

महिला एकता समिति की अध्यक्ष बिनु गुरूंग ने बताया कि समिति पिछले 16 वर्षों से रायपुर क्षेत्र में हरितालिका तीज मेले का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष नेपाल में आई आपदा को देखते हुए कार्यक्रम को सादगी के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गोर्खाली वेशभूषा, लोक नृत्य, शिव-पार्वती नृत्य, गायन, तीज सुंदरी और तीज क्वीन प्रतियोगिता के साथ गोर्खाली आभूषण एवं विभिन्न पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए।

तीज प्रिंसेस प्रतियोगिता में भूमि शर्मा प्रथम, कशिश प्यापा द्वितीय और रागिनी गुरूंग तृतीय रहीं। वहीं तीज क्वीन प्रतियोगिता में राधिका थापा प्रथम, दीपा गुरूंग द्वितीय और रीशु रमोला तृतीय स्थान पर रहीं। कीर्तन प्रतियोगिता में नागेश्वर कीर्तन मंडली रांझावाला ने प्रथम, गौरी शंकर कीर्तन मंडली नथुवावाला ने द्वितीय और कंस मर्दिनी कीर्तन मंडली केशरवाला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शिव शक्ति कीर्तन मंडली न्यू कॉलोनी, रांझावाला ने भी प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।

समिति की ओर से विवाहित महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें रांझावाला की शकुन थापा, रायपुर की दया देवी, कियदूवाला की अमृता थापा और रांझावाला की नीलिमा बोहरा शामिल रहीं। अभिभावक सम्मान के तहत नवादा की मुक्ता थापा, न्यू कॉलोनी रांझावाला की प्रमिला गुरूंग, रायपुर की पूनम गुरूंग और नेहरूग्राम की रीतू कौर को सम्मानित किया गया। रायपुर निवासी अतुल पाल को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर वयोवृद्धों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में गोरखा कल्याण परिषद की राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, मीडिया प्रभारी वंदना बिष्ट, वार्ड-66 के पार्षद कपिल धर, वार्ड-65 की पार्षद विजय लक्ष्मी नेगी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *