गुरु नानक देव जी के संदेशों में छिपा मानवता और भाईचारे का मार्ग, सीएम धामी ने दिया सामाजिक एकता का संदेश

IMG-20261124-WA0689

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने  कार्तिक पूर्णिमा एवं सिख पंथ के संस्थापक प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर खटीमा के पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा और प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानव समाज को सत्य, सेवा, समानता और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं समाज में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ ही जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सेवा का संदेश देती हैं। गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी संपूर्ण मानवता के लिए प्रासंगिक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उत्तराखंड में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना और रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण जैसे कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के समन्वय की भूमि है। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जाधारी राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी एवं किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार एवं निर्मला बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *