गंगोत्री धाम में नया रिकॉर्ड, पहली बार 7.84 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

IMG_20260913_182726

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा इस वर्ष आस्था, विश्वास और श्रद्धा का नया इतिहास लिख रही है। हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच बसे धामों की ओर बढ़ते श्रद्धालुओं के कदमों ने यात्रा के पिछले कई रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल यात्रा प्रबंधन, सतर्क निगरानी और बेहतर व्यवस्थाओं के चलते चारधाम यात्रा निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रही है। यमुनोत्री के बाद अब गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। यात्रा इतिहास में पहली बार गंगोत्री धाम में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 7 लाख 84 हजार 321 पहुंच गई है।

मां गंगा के उद्गम स्थल की इस पवित्र यात्रा में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं का लगातार पहुंचना जारी है। चारधाम यात्रा के 147 दिनों में, 12 सितंबर तक कुल 50 लाख 28 हजार 497 श्रद्धालु चारधामों के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 45 लाख 09 हजार 324 थी। इस तरह इस वर्ष अब तक 5 लाख 19 हजार 173 अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंच चुके हैं। यात्रा के लिए अभी लगभग दो महीने का समय शेष है, ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।

गंगोत्री में टूटा वर्षों पुराना रिकॉर्ड
गंगोत्री धाम की यात्रा ने इस वर्ष विशेष उपलब्धि हासिल की है। यहां पहली बार दर्शनार्थियों की संख्या 7.84 लाख के पार पहुंची है। इससे पहले वर्ष 2022 में 7 लाख 81 हजार 961, वर्ष 2023 में 7 लाख 12 हजार 749 और वर्ष 2025 में 7 लाख 58 हजार 249 श्रद्धालु गंगोत्री धाम पहुंचे थे।

मां यमुना के दरबार में भी उमड़ा आस्था का सैलाब
यमुनोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वर्ष 2025 में यहां सर्वाधिक 6 लाख 44 हजार 637 श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन किए थे। इस वर्ष अब तक 7 लाख 03 हजार 302 श्रद्धालु यमुनोत्री धाम पहुंच चुके हैं। मां यमुना के दर्शन के लिए कठिन पहाड़ी मार्ग पर भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।

बद्रीविशाल के दरबार में भी बढ़ रही भीड़
भगवान बद्रीनाथ की यात्रा भी इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। 23 अप्रैल से शुरू हुई बद्रीनाथ यात्रा ने 12 सितंबर को 143 दिन पूरे कर लिए। इस अवधि में 17 लाख 28 हजार 578 श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में 13 लाख 82 हजार 845 श्रद्धालु बद्रीनाथ पहुंचे थे। इस लिहाज से इस वर्ष अब तक 3 लाख 45 हजार 733 अधिक श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंच चुके हैं। यात्रा के शेष समय को देखते हुए यहां भी नया रिकॉर्ड बनने की संभावना है।

हेमकुंट साहिब में भी श्रद्धालुओं का उत्साह
सिखों के पवित्र तीर्थ श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा में भी इस वर्ष श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। यहां पहली बार यात्रियों की संख्या 3 लाख 19 हजार 135 तक पहुंच चुकी है। हिमालय की गोद में स्थित इस पवित्र धाम की कठिन यात्रा के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था लगातार मजबूत दिखाई दे रही है।

सुरक्षा और आपदा प्रबंधन पर विशेष निगरानी
चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री के दिशानिर्देशन में यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। चारधाम यात्रा का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद अब दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने की संभावना है।

इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। देवभूमि के धामों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ यह संदेश दे रही है कि हिमालय की कठिन राहें भी आस्था के कदमों को रोक नहीं सकतीं। गंगोत्री, यमुनोत्री और बद्रीनाथ के दरबार में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या इस वर्ष की चारधाम यात्रा को आने वाले समय में एक नए ऐतिहासिक अध्याय के रूप में दर्ज करा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *