रेस्टोरेंट की आड़ में शराब तस्करी का खेल, 11 पेटी अवैध शराब जब्त

IMG_20260910_202910-2048x1047

देहरादून। अवैध शराब की तस्करी, बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने नकरौंदा और डोईवाला क्षेत्र में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से कुल 11 पेटी अवैध शराब बरामद की। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

आबकारी आयुक्त एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त, गढ़वाल मंडल के निर्देशन में 10 सितंबर को आबकारी टीम ऋषिकेश ने आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में नकरौंदा, डोईवाला आदि क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान नकरौंदा टी-पॉइंट से विजय सिंह पुत्र नरसिंह, निवासी नकरौंदा के कब्जे से दो पेटी अवैध शराब बरामद की गई।

इसके बाद टीम ने नकरौंदा स्थित पंवार एंक्लेव के एमपी रेस्टोरेंट में तलाशी ली। यहां से नौ पेटी अवैध शराब बरामद हुई। मौके पर शराब की बिक्री करते हुए रिंकू सरोज पुत्र नियुक्त सरोज, निवासी मऊ, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी केयर ऑफ मुकेश पंवार, पंवार एंक्लेव नकरौंदा को गिरफ्तार किया गया। आबकारी विभाग के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ अवैध शराब की बिक्री एवं भंडारण के आरोप में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।

विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई करने वाली टीम में उप आबकारी निरीक्षक पान सिंह राणा, आशीष प्रकाश, अर्जुन सिंह, आबकारी हेड कांस्टेबल दीपा डोबरियाल तथा आबकारी कांस्टेबल रीना, आशीष चौहान, रेशमा चौहान और सोनम पंवार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *