बर्नीगाड़ में विकास को नई रफ्तार, 217 करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ

IMG_20261015_173257-2048x2048

देहरादून/ बर्नीगाड़ (उत्तरकाशी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने  पुरोला विधानसभा क्षेत्र के बर्नीगाड़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने करीब 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 कार्यों का शिलान्यास और आठ कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का भी शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण शीघ्र शुरू कराने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालय बड़कोट एवं चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने तथा डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की बात कही।

194 करोड़ से अधिक के कार्यों का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने 194 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 30 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें लोक निर्माण विभाग पुरोला के पांच कार्यों पर छह करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के चार कार्यों पर 6.61 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) खंड पुरोला के 18 कार्यों पर 176.87 करोड़ रुपये तथा सिंचाई खंड पुरोला के तीन कार्यों पर 5.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

वहीं, 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के आठ विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें लोक निर्माण विभाग बड़कोट का एक कार्य, समग्र शिक्षा के तीन कार्य, माध्यमिक शिक्षा का एक कार्य तथा पीएमजीएसवाई खंड पुरोला के तीन कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क, सिंचाई, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जनसेवा शिविर में बांटे चेक और उपकरण

मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए। उन्होंने अधिकारियों से सरकारी योजनाओं की प्रगति तथा आम लोगों को मिल रहे लाभों की जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि बर्नीगाड़ में जिन विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है, उनसे क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी। सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। राजकीय महाविद्यालय के शुभारंभ से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और स्थायी भवन निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्य शुरू किया जाएगा।

महिलाओं और युवाओं के सशक्तीकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में सड़क, पर्यटन, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं स्थानीय उत्पादों, हथकरघा, हस्तशिल्प और अन्य गतिविधियों से अपनी आय बढ़ा रही हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। सरकार दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं रोजगार की सुविधाएं मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा, समान नागरिक संहिता और प्रदेश में लागू विभिन्न कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ जनकल्याण और सुरक्षा को भी प्राथमिकता दे रही है।

विधायक ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का बर्नीगाड़ आगमन पर स्वागत करते हुए क्षेत्र को विकास योजनाओं की सौगात देने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय का शुभारंभ और विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *