जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का दो दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

WhatsApp Image 2026-09-16 at 5.33.14 PM

टिहरी गढ़वाल: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना के सफल संचालन के लिए क्रीड़ा हॉल, निकट विकास भवन, नई टिहरी में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में चार्ज अधिकारियों सहित विभिन्न नगर निकायों एवं राजस्व विभाग के कार्मिकों को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, निर्धारित प्रपत्रों, आंकड़ा संकलन एवं ऑनलाइन पोर्टल की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सभी कार्मिक अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए टीम भावना से कार्य करें। उन्होंने चार्ज अधिकारियों को जनगणना सामग्री समय पर प्राप्त करने और सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े नीति निर्माण, विकास योजनाओं के निर्धारण तथा सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सहायक निदेशक जनगणना अरबिन्द कुमार ने जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, निर्धारित बिंदुओं, आंकड़ा संकलन एवं ऑनलाइन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। जिला प्रभारी जनगणना टिहरी पंकज सिंह ने प्रशिक्षण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। द्वितीय चरण में प्रत्येक घर एवं उसमें निवास करने वाले व्यक्तियों की संख्या, आयु, लिंग, वैवाहिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार एवं आजीविका सहित विभिन्न जानकारियां दर्ज की जाएंगी।

इन आंकड़ों का उपयोग भविष्य की विकास योजनाओं, सरकारी नीतियों एवं संसाधनों के नियोजन में किया जाएगा। प्रशिक्षण में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी केशव गैरोला सहित विभिन्न तहसीलों के तहसीलदार, रजिस्ट्रार कानूनगो, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *