कान्हा की भक्ति में सराबोर कौलागढ़, धूमधाम से हुआ जन्माष्टमी आयोजन

IMG_20260905_192249

देहरादून। श्री सत्य साईं सेवा संगठन  एवं कौलागढ़ भजन मंडली के संयुक्त तत्वावधान में श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, कौलागढ़ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भजनों से गुंजायमान रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के दिव्य अवसर का पुण्य लाभ अर्जित किया।

कार्यक्रम में दीपक नौटियाल ने सभी श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी शिक्षाओं का स्मरण करते हुए प्रेम, सद्भावना, सेवा, पर्यावरण संरक्षण और बाल विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रेम, करुणा, सत्य, धर्म और मानव सेवा का मार्ग दिखाता है।

जन्माष्टमी के अवसर पर भजन-कीर्तन और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। भक्तों ने श्रद्धा एवं आस्था के साथ भगवान के जन्मोत्सव में सहभागिता की और वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में श्री सत्य साईं सेवा संगठन से जुड़े भक्तगणों के साथ ही बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर भगवान श्री सत्य साईं बाबा की आरती की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने प्रेमपूर्वक भगवान के जन्मोत्सव का प्रसाद ग्रहण किया और आध्यात्मिक आनंद में सराबोर होकर एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *