एलटी के 585 चयनित अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति नहीं, धस्माना ने उठाए सवाल

WhatsApp Image 2026-10-29 at 11.01.20 PM

देहरादून: सहायक अध्यापक (एल.टी.) भर्ती परीक्षा-2024 के 585 चयनित अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना से उनके ईसी रोड स्थित कैंप कार्यालय में भेंट कर अपनी व्यथा सुनाई और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

अभ्यर्थियों ने बताया कि UKSSSC द्वारा आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया में अत्यधिक विलंब और मानसिक उत्पीड़न झेलना पड़ रहा है।

घटनाक्रम की समय-रेखा (Timeline) इस प्रकार है –
– 14 मार्च 2024 – सहायक अध्यापक भर्ती का विज्ञापन जारी
– 18 अगस्त 2024 – लिखित परीक्षा का आयोजन
– 21 सितंबर 2024 – उत्तर कुंजी जारी
– 10 जनवरी 2025 – अनंतिम श्रेष्ठता सूची जारी
– 04 जून 2025 – एकल पीठ (न्यायमूर्ति श्री रवींद्र मैठाणी) का अंतिम निर्णय
– 04 नवंबर 2025 – UKSSSC द्वारा विशेष अपील (352) दायर
– 03 जून 2026 – विशेष अपील में अंतिम निर्णय, UKSSSC को 3 माह में भर्ती पूरी करने का आदेश
– 20 अगस्त 2026 – आयोग द्वारा 585 अभ्यर्थियों का संशोधित परिणाम घोषित
– 03 सितंबर 2026 – न्यायालय द्वारा दी गई 3 माह की समय-सीमा पूर्ण, पर अभिलेख सत्यापन प्रारंभ नहीं
– 29 अक्टूबर 2026 (आज) – कोर्ट द्वारा निर्धारित समय-सीमा बीते 1 माह से अधिक, परंतु प्रक्रिया लंबित

प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में कहा है कि परिणाम घोषित हुए 2 माह से अधिक और न्यायालय द्वारा दी गई समयावधि समाप्त हुए 1 माह बीत जाने के बावजूद आयोग ने अभिलेख सत्यापन (Document Verification) की तिथि तक घोषित नहीं की है। इस निरंतर विलंब के कारण 585 चयनित अभ्यर्थी एवं उनके परिवार भीषण मानसिक एवं आर्थिक तनाव से गुजर रहे हैं।

अभ्यर्थियों की 3 सूत्रीय मांग –
1. मुख्यमंत्री अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल को व्यक्तिगत रूप से मिलने का समय दें।
2. UKSSSC एवं शिक्षा विभाग को निर्देशित कर 585 अभ्यर्थियों के Document Verification की तिथि तत्काल घोषित की जाए।
3. पदों की स्वीकृति / संशोधित प्रक्रिया पूर्ण कर शीघ्र नियुक्ति एवं जॉइनिंग प्रदान की जाए।

इस पर धस्माना ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार चयनित युवाओं को भी नियुक्ति नहीं दे पा रही, यह युवा विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

धस्माना ने चेतावनी दी – “शिक्षा विभाग तत्काल 585 चयनित सहायक अध्यापकों को नियुक्ति दे, अन्यथा कांग्रेस पार्टी इन युवाओं के साथ सड़क पर उतर कर आंदोलन करेगी और हर हाल में इनकी नियुक्ति करवा कर रहेगी। पूर्व की भांति मैं इन युवाओं के साथ खड़ा हूं।”

धस्माना ने आश्वस्त किया कि वे इस पूरे मामले को मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और UKSSSC अध्यक्ष के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *