देहरादून। ग्राफिक एरा में विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों को एआई और उसके टूल्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आज ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में सरकारी विभागों के कर्मचारियों को एआई टूल्स का प्रशिक्षण देने के लिए दो दिवसीय मैनेजमेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम (एमडीपी) शुरू हो गया है। एमडीपी के उद्घाटन समारोह में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. नरपिंदर सिंह ने कहा कि एआई की वास्तविक उपयोगिता केवल तकनीकी दक्षता बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और नागरिकों की आवश्यकताओं के प्रति तत्पर बनाना भी है।
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की कुलपति डा. तब्बसुम नकवी ने कहा कि एआई के माध्यम से फाइलों और दस्तावेजों का प्रबंधन तथा जटिल प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल और सुव्यवस्थित बनाने में उल्लेखनीय सहायता मिल रही है। इससे समय और संसाधन बचाने के साथ-साथ कार्यों की सटीकता, पारदर्शिता और गुणवत्ता में भी सुधार किया जा रहा है। एमडीपी में उत्तराखंड पेयजल निगम, कृषि निदेशालय, लघु सिंचाई विभाग, विभिन्न सरकारी पॉलीटेक्निक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, यूजेवीएन लिमिटेड और लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी भाग ले रहे हैं।
इस दो दिवसीय एमडीपी में प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, चैटजीपीटी और गूगल जेमिनी जैसे एआई के विभिन्न टूल्स और उनके व्यावहारिक प्रयोगों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस एमडीपी का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट और ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने संयुक्त रूप से किया। एमडीपी में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के हेड डा. विशाल सागर , असिस्टेंट डीन ( टी एंड पी) डा. श्याम कापरी के साथ एकेडमिक कॉर्डिनेटर डा. राजेश तिवारी अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।