उत्तरकाशी : ‘ऑपरेशन स्माईल’ में एक महिला सकुशल बरामद, एसपी ने दी मानव तस्करी रोकने की सख्त हिदायतें

WhatsApp Image 2026-01-30 at 6.44.29 PM

उत्तरकाशी। पुलिस मुख्यालय देहरादून के निर्देशों पर उत्तरकाशी पुलिस (Uttarkashi Police) ने गुमशुदा बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की तलाश के लिए 1 जनवरी से दो माह का विशेष अभियान ‘ऑपरेशन स्माईल’ शुरू किया है। आज पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने पुलिस कार्यालय में इस अभियान की गहन समीक्षा की और टीम को न केवल गुमशुदों की तलाश तेज करने बल्कि मानव तस्करी व महिला-बाल अपराधों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के सख्त निर्देश दिए।

एक माह में अभियान की प्रगति की पड़ताल के दौरान एसपी ने सीमावर्ती जिलों और आवश्यकता पड़ने पर अन्य राज्यों तक तलाशी के दायरे को विस्तार देने पर जोर दिया। वर्ष 2019 से लापता व्यक्तियों में से एक महिला को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा गया है, जबकि शेष की तलाश तेजी से जारी है। विशेष रूप से माघ मेले के दौरान परिवार से बिछड़े चार बच्चों को भी सुरक्षित ढूंढकर परिजनों के हवाले किया गया, जो अभियान की सफलता का जीता-जागता उदाहरण है।

समीक्षा बैठक में ऑपरेशन स्माईल के नोडल अधिकारी डिप्टी एसपी जनक सिंह पंवार, वाचक एसपी कोमल रावत, एसआई पवन बडोनी, महिला एसआई माया असवाल समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। एसपी उपाध्याय ने कहा कि यह अभियान न केवल गुमशुदों को लौटाने का माध्यम बनेगा, बल्कि समाज में अपराधों के प्रति सतर्कता भी बढ़ाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *