कानूनी सहायता के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण एक सरल माध्यम : जिला जज

legal aid

टिहरी गढ़वाल : कानूनी सहायता(legal aid) के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एक सरल एवं सशक्त माध्यम है, प्रत्येक व्यक्ति को इसका लाभ अवश्य उठाना चाहिए। यह बातें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल की ओर से आयोजित बहुद्देशीय विधिक साक्षरता शिविर में बोलते हुए जिला न्यायाधीश टिहरी गढ़वाल योगेश कुमार गुप्ता ने कही। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल द्वारा दिनांक 25.07.2024 को एक बहुद्देशीय विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज, लंबगांव, प्रताप नगर टिहरी गढ़वाल में किया गया।

शिविर में जिला न्यायाधीश टिहरी गढ़वाल योगेश कुमार गुप्ता एवं अन्य न्यायिक अधिकारीगण ने जहां आम जनमानस को विभिन्न विषयों पर कानूनी विषयों (legal aid)पर जानकारियां दी वहीं जिले के विभिन्न विभागों से आए हुए अधिकारियों ने भी अपने अपने विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में अपर जिला जज नसीम अहमद द्वारा एन. डी. पी. एस. कानून, सिविल जज सी. डी. मोहम्मद याकूब द्वारा एफ. आई. आर. से संबंधित कानून, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मिथिलेश पाण्डेय द्वारा अभियुक्त के कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आलोक राम त्रिपाठी ने विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों के बारे में जानकारी दी।

इसके अतिरिक्त समाज कल्याण विभाग से किशन सिंह चौहान, बाल कल्याण समिति से रमेश चंद्र रतूड़ी, राजस्व विभाग से उप जिलाधिकारी एल संदीप कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय गौरव, उद्योग विभाग से अशोक पाण्डेय अपने अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। थानाध्यक्ष लंबगांव शांति प्रसाद चमोली ने साइबर अपराध के संबंध में जानकारी दी। राज्य आंदोलनकारी देवी सिंह पंवार ने स्थानीय जनता की समस्याओं के संबंध में अधिकारीगण को अवगत कराया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अमर शहीद श्रीदेव सुमन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया।

तत्पश्चात विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति की गई। शिविर में समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को 8 छड़ी, 2 व्हील चेयर प्रदान किए गए साथ ही 4 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त कुल 11 दिव्यांग प्रमाणपत्र भी तैयार कर लाभार्थियों को वितरित किए गए। शिविर में जनपद के सभी प्रमुख विभागों को ओर से अपने अपने स्टॉल लगाकर आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया तथा अन्य आवेदन स्वीकार किए गए।

शिविर के समापन पर जिला न्यायाधीश एवं अन्य न्यायिक अधिकारीगण द्वारा विद्यालय प्रांगण में वृक्षारोपण कर सभी को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा स्थानीय लोगों को विभिन्न प्रकार के पौधे भी वितरित किए गए। शिविर में अन्य न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारीगण के अतिरिक्त सिविल जज टिहरी गढ़वाल कुलदीप नारायण, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एस. के. घिल्डियाल, राज्य आंदोलनकारी देवी सिंह पंवार, तहसीलदार प्रतापनगर, व्यापार संघ के अध्यक्ष युद्धवीर सिंह राणा, प्रधान संघ के अध्यक्ष लोकपाल कंडियाल एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शिविर का संचालन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आलोक राम त्रिपाठी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय रावत ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *