मिशन सफाई : मां से मारपीट करने वाले गुंडे दिव्यकांत लखेड़ा को डीएम ने किया जिला बदर, मोहल्ले में खुशी की लहर

WhatsApp Image 2026-01-14 at 6.30.43 PM

देहरादून। जिला प्रशासन की ‘मिशन सफाई’ मुहिम (‘Mission Cleanliness’ campaign) के तहत जिलाधिकारी सविन बंसल ने एक और कड़ा कदम उठाया है। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के माजरी माफी, ऋषि विहार लेन निवासी आदतन अपराधी दिव्यकांत लखेड़ा पुत्र स्व. राम बिहारी लखेड़ा को गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत छह माह के लिए देहरादून जिले से बाहर रहने का आदेश जारी किया गया है। यह कार्रवाई खुद उनकी पीड़ित बुजुर्ग मां की शिकायत और मोहल्लेवासियों की गुहार पर हुई।

मिली जानकारी के अनुसार, दिव्यकांत ने अपनी वृद्ध मां के साथ लगातार मारपीट की, जिससे डर के मारे उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा। मोहल्ले की बहनों-बेटियों पर अभद्र टिप्पणियां करना और असामाजिक तत्वों को घर में बुलाकर नशे का अड्डा चलाना उनकी आम फितरत बन चुकी थी। इससे पूरे इलाके में भय का आलम था।

जनसुनवाई में मोहल्लेवासियों ने डीएम से गुहार लगाई, जिसके बाद 14 अक्टूबर 2025 को जारी नोटिस को पुष्ट करते हुए धारा 3(3) के तहत उन्हें ‘गुंडा’ घोषित कर जिला बदर किया गया। आदेश के मुताबिक, इस दौरान दिव्यकांत को बिना जिला मजिस्ट्रेट अदालत की पूर्व अनुमति के देहरादून में घुसने की मनाही है। बाहर रहते हुए अपना पूरा पता थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी और अदालत को देना होगा।

उल्लंघन पर छह माह से तीन साल तक की सश्रम कारावास और जुर्माना हो सकता है। थानाध्यक्ष को 24 घंटे में आदेश तामील कराने और अनुपालन रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस जारी रहेगा। मोहल्लेवासियों में कार्रवाई से खुशी की लहर दौड़ गई है, जो अब बिना डर के जी सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *