उत्तरकाशी में 77वें गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन ज्ञानसू में भव्य परेड, जवानों ने ली एकता की शपथ

WhatsApp Image 2026-01-26 at 6.57.06 PM

उत्तरकाशी : 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन ज्ञानसू में भव्य सैन्य परेड का आयोजन किया गया। वरिष्ठ अतिथियों ने सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। परेड का संचालन यातायात उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह नेगी (प्रथम कमान) ने किया, द्वितीय कमान अउनि ओमप्रकाश डिमरी के हाथों में रही और तृतीय कमान अउनि मंगल सिंह नेगी ने संभाली। जिला पुलिस, आर्म्ड पुलिस, आईटीबीपी, आईआरबी, महिला एवं पुरुष होमगार्ड, पीआरडी, एनसीसी, यातायात पुलिस, आपदा राहत दल, फायर सर्विस, एसडीआरएफ, दूरसंचार एवं अन्य विभागों की टुकड़ियों ने आकर्षक झांकियों के साथ शानदार मार्च पास प्रस्तुत किया।

विधायक सुरेश चौहान ने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए मां भारती के सपूतों, संविधान निर्माताओं के बलिदान और गत वर्ष की आपदाओं में कर्तव्यनिष्ठा निभाने वाले प्रशासनिक अमलों व नागरिकों को नमन किया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने भारतीय संविधान के नैतिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए सभी को ईमानदारी से कर्तव्य निभाने, जनपद की उपलब्धियों पर गर्व करने और स्वच्छता-सुंदरता बनाए रखने का आह्वान किया। परेड के बाद स्कूली बच्चों व पुलिस परिवार के बच्चों ने देशभक्ति पूर्ण रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन पर आईटीबीपी की टुकड़ी प्रथम, महिला होमगार्ड द्वितीय तथा आर्म्ड पुलिस तृतीय रही। जिला मजिस्ट्रेट व पुलिस अधीक्षक ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने सभी अतिथियों, अधिकारियों व जनता का आभार जताते हुए शुभकामनाएं दीं। परेड में राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त प्रताप सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, कर्नल मानुस दास, सीएमओ डॉ. बी.एस. रावत, डीएफओ डी.पी. बलूनी, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे। प्रातः 9:30 बजे एसपी कमलेश उपाध्याय ने क्वार्टर गार्ड में ध्वज फहराकर शपथ दिलाई, जबकि पुलिस कार्यालय व थानों पर भी समान आयोजन हुए। जनपद के उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर हौसला बढ़ाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *