36 वर्षीय समर्पित सेवा के अंत में कलेक्ट्रेट के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेश कपिल सेवानिवृत्त; डीएम सविन बंसल ने किया सम्मानित

WhatsApp Image 2026-01-31 at 7.13.49 PM

देहरादून। कलेक्ट्रेट के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री राजेश कपिल (Rajesh Kapil) ने आज 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर 36 वर्षों की शासकीय सेवा को अलविदा कह दिया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हृदयस्पर्शी विदाई समारोह में जिलाधिकारी सविन बंसल ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर, पुष्पहार भेंटकर और मोमेंटो देकर भावभीनी विदाई प्रदान की। जिलाधिकारी सविन बंसल ने श्री कपिल के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा, “श्री राजेश कपिल ने अपने लंबे कैरियर में अनुशासन, कुशलता और संवेदनशीलता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।

जब मैं रुड़की में संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में पहली पोस्टिंग पर था, तब उनका मार्गदर्शन मेरे लिए प्रेरणा स्रोत रहा। उनका अनुभव हमेशा प्रशासन की पूंजी बना रहेगा।” उन्होंने श्री कपिल के स्वस्थ, दीर्घायु और सुखमय सेवानिवृत्ति जीवन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। सेवानिवृत्त अधिकारी श्री राजेश कपिल ने सभी सहकर्मियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा, “यह सेवा मेरे जीवन का स्वर्णिम अध्याय रही। सभी अधिकारियों-कर्मचारियों का सहयोग ही मेरी सफलता का आधार था।” उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों में अपनी सेवाएं दीं, जहां प्रशासनिक कार्यों को ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा से संभाला।

विशेष रूप से कलेक्ट्रेट के दैनिक संचालन, दस्तावेजीकरण और संकट प्रबंधन में उनकी भूमिका अविस्मरणीय रही। समारोह में नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश योगेश मेहर, उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी सहित कलेक्ट्रेट के तमाम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित हुए। सभी ने श्री कपिल को स्नेहपूर्ण शुभकामनाएं दीं और उनकी सेवाओं के लिए कृतज्ञता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *