श्री सुरकंडा देवी मंदिर पुन्नीवाला में प्राण प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चार से मूर्तियों का अन्नाधिवास संपन्न

रानीपोखरी(अंकित तिवारी): पुन्नीवाला, फलसुवा स्थित श्री सुरकंडा देवी मंदिर (Sri Surkanda Devi Temple) में चल रहे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तीसरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सर्वतोभद्र, षोडश मातृका, नवग्रह पीठ, गणेश पूजन एवं कलश पूजन के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देव प्रतिमाओं का अन्नाधिवास संपन्न कराया गया, जिसके अंतर्गत मूर्तियों को गेहूं और धान जैसे अन्न के भंडार में स्थापित किया गया।

मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के माध्यम से देवताओं का वास मूर्तियों में कराया जाता है, जिससे वे पूजनीय बनती हैं। आचार्यों ने सभी धार्मिक क्रियाओं को विधि-विधान से पूर्ण कराया। अनुष्ठान के उपरांत मंदिर परिसर में यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर धर्मलाभ अर्जित किया। समिति ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान सनातन धर्म में देव उपासना का अभिन्न अंग है। यह प्रक्रिया मंदिर की मूर्ति को आध्यात्मिक ऊर्जा से संपन्न बनाकर भक्तों के लिए आराधना योग्य बनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *