‎त्रिवेणी कौथिग को भव्य स्वरूप देने की तैयारी, 26 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक होंगे विविध आयोजन

WhatsApp Image 2026-11-19 at 6.31.45 PM

टिहरी: आगामी 26 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले त्रिवेणी कौथिग (Triveni Kauthig) की तैयारियों को लेकर आज अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कौथिग की विषयवस्तु, प्रस्तावित कार्यक्रमों एवं आयोजन की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कौथिग के प्रथम चरण में 2 दिसम्बर तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 10 दिसम्बर तक मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक, खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
‎
‎अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि त्रिवेणी कौथिग को भव्य स्वरूप देने और अधिक से अधिक आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से नगर पालिका को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने मेले में स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान, हस्तशिल्प एवं आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को विशेष स्थान देने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए स्टॉल उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही स्थानीय महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों की प्रतियोगिता भी आयोजित की जाए।
‎
‎उन्होंने उत्तराखंड के पारंपरिक वस्त्रों एवं आभूषणों पर आधारित फैशन शो आयोजित करने, पशुपालन विभाग के सहयोग से पशु प्रदर्शनी लगाने तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा स्टॉल के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। इसके अलावा पाठकों एवं साहित्य प्रेमियों की रुचि को देखते हुए टिहरी लिटरेचर फेस्ट को भी कौथिग का हिस्सा बनाने की बात कही। ‎अपर जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों एवं महिलाओं को अपनी प्रतिभा और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने संबंधित विभागों को आयोजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ‎नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने मेले के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, युवा कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, अग्निशमन, जल संस्थान, यूपीसीएल सहित अन्य संबंधित विभागों से सहयोग की अपेक्षा की। बैठक में मेले के दौरान अग्नि सुरक्षा, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। ‎त्रिवेणी कौथिग के अंतर्गत नगर झांकी, मैत्री दौड़, चक्रव्यूह मंचन, साइक्लिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सांस्कृतिक संध्याओं के साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं एवं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी खेल एवं सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। ‎बैठक में उप जिलाधिकारी अजयवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी पुलिस महेश लखेड़ा, अधिशासी अभियंता जल संस्थान प्रशांत भारद्वाज, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *