हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की ओर से गौसेवा, गोवंश संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है। कामधेनुलोक जैसी पहल गौसंरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है। हमारी परंपरा में गौ माता को सर्वदेवमयी माना गया है और ग्रामीण जीवन में आज भी उन्हें परिवार के सदस्य के रूप में सम्मान दिया जाता है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण आजीविका से भी जुड़ी हुई है। गौसंरक्षण के माध्यम से प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण और स्वरोजगार को भी बढ़ावा दिया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2010 में महज 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ यह अभियान आज व्यापक स्वरूप ले चुका है।
संस्था की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा और देखभाल की जा रही है। अकेले हरिद्वार में हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को आजीवन संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस के माध्यम से अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया है। गोवंश के उपचार, चारे और पौष्टिक आहार की समुचित व्यवस्था की जा रही है।
इसके साथ ही संस्था प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन कराने के अलावा जरूरतमंद परिवारों को राशन एवं चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उत्तराखंड सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण और निराश्रित गोवंश की देखभाल के लिए प्रतिबद्ध है। गौपालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों, विशेषकर मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बद्री गाय के शुद्ध घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली जनपद में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित हो रहे हैं। इससे स्थानीय पशुपालकों को बेहतर अवसर मिलने के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन और स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिल रहा है। धामी ने बताया कि प्रदेश के 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्राम्य गोसेवक योजना भी पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है।
इसके अलावा शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण चुनौती है। कृषि कार्यों में मशीनों का उपयोग बढ़ने से गोवंश, विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता में बदलाव आया है। ऐसे में गौसंरक्षण को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना आवश्यक है। इससे न केवल गोवंश का संरक्षण होगा, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जनसहभागिता जरूरी है। राज्य सरकार गौसंरक्षण से जुड़े कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कर रही है। गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं इसकी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेंगी। वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार व्यापक तैयारियां कर रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क, यातायात, नए पुलों, संपर्क मार्गों और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सुरक्षा, स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाओं और आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का अनुकरणीय मॉडल बनेगी। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला से जुड़े संतों, सेवकों, पदाधिकारियों और सहयोगियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक एवं प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।