देहरादून। ढालीपुर क्षेत्र में बंद मकान का दरवाजा तोड़कर नकदी और कीमती सामान चोरी करने के मामले का विकासनगर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन, 12 हजार रुपये नकद, पर्स और पीड़ित का पहचान पत्र बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, एक नवंबर 2026 को ढालीपुर निवासी सुंदर सिंह ने कोतवाली विकासनगर में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर का दरवाजा तोड़कर अंदर रखी नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास और आवागमन के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों की जानकारी जुटाते हुए पुलिस ने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। इसके बाद पुलिस ने एक नवंबर को ही मुखबिर की सूचना पर ढालीपुर क्षेत्र से सद्दाम (32) पुत्र इकराम निवासी ढालीपुर, विकासनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एक सैमसंग की-पैड मोबाइल फोन, 12 हजार रुपये नकद, एक पर्स और वादी का पहचान पत्र बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी नशे का आदी है और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2024 में भी चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। वर्तमान मामले में उसके खिलाफ चोरी और घर में घुसने से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।