देहरादून। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी मंदिर, देहरादून में शारदीय नवरात्र के छठे दिन मां भगवती के षष्ठम स्वरूप मां कात्यायनी देवी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां कात्यायनी की आराधना से रूप, जय, तेज और यश की प्राप्ति होती है।
भजन संध्या में माता के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
मंदिर परिसर में सायंकाल आयोजित भजन संध्या में श्री रवि म्यूजिकल ग्रुप ने माता रानी के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। ‘किसने सजाया भवन बड़ा प्यारा लगे’, ‘तू कितनी भोली है, तू कितनी प्यारी है मां’ और ‘मैं बालक, तू माता शेरावाली’ जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
वहीं, ‘जब मेला मैया का लगदा है’ भजन की प्रस्तुति के दौरान भक्तजन अपने स्थानों पर खड़े होकर झूमने लगे। पूरा मंदिर परिसर माता रानी के जयकारों और भक्ति संगीत से गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में नवरात्र पाठ किया गया तथा श्रद्धालुओं को पंचमेवा का प्रसाद वितरित किया गया।
उत्तराखंड में पहली बार मां चिंतपूर्णी के भव्य स्वरूप के दर्शन
मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के लिए मां चिंतपूर्णी जी के भव्य स्वरूप के दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई। आयोजकों के अनुसार, उत्तराखंड में पहली बार मां चिंतपूर्णी के इस भव्य स्वरूप के दर्शन कराए गए। माता के दर्शन के लिए देर रात तक भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती रही।
इस विशेष आयोजन में युवा सेवादार दिव्यम गोयल, अर्णव कंसल, कान्हा मित्तल, अध्ययन गुप्ता, कार्तिक कंसल, अभिनव नौटियाल, वत्सल शर्मा और शुभम अग्रवाल ने सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति से जुड़कर महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
भैरवनाथ डमरू मंडल की डमरू वंदना ने बांधा समां
धार्मिक आयोजन के अंतर्गत मंदिर परिसर में 25 कलाकारों की भैरवनाथ डमरू मंडल की टीम ने अद्भुत डमरू वंदना प्रस्तुत की। डमरू की गूंज और कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति से पूरा वातावरण शिवमय और भक्तिमय हो गया। वंदना के दौरान श्रद्धालु भी भक्ति में लीन होकर झूमने लगे।
आयोजन के दौरान यह संदेश दिया गया कि शक्ति की आराधना के साथ भगवान शिव की उपासना का भी विशेष महत्व है। डमरू वंदना ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर दिया।
कायस्थ सेवादल ने भी की पूजा-अर्चना
इस अवसर पर कायस्थ सेवादल की ओर से भी मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और माता रानी के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में दिगंबर दिनेश पुरी, आचार्य भारत भूषण भट्ट, आशीष उनियाल, नवीन गुप्ता, विवेक श्रीवास्तव, जितेंद्र विजन, प्रदीप गोयल, कपिल गुप्ता, अचल पुंडीर, इंद्रेश सनूजा, दिलीप सैनी, विक्की गोयल, रोहित अग्रवाल, राजेंद्र आनंद, एडवोकेट राजकुमार गुप्ता, शैलेंद्र सिंघल, कान्हा मित्तल, दीपक मित्तल, संगीता गुप्ता, मेघा गर्ग, प्रीति गुप्ता, कांता अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।