फसलों की वास्तविक उपज का सटीक आंकलन जरूरी- ADM

WhatsApp Image 2026-09-11 at 9.28.41 PM

टिहरी: जिले में फसलों की औसत उपज एवं कुल उत्पादन के सटीक आंकड़े जुटाने के लिए चल रहे क्रॉप कटिंग प्रयोगों का अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने शुक्रवार को तहसील गजा के ग्राम खरसाड़ा में स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंडुवे की फसल की क्रॉप कटिंग कराकर प्राप्त उपज का जायजा लिया तथा कृषक से फसल की स्थिति और उत्पादन के संबंध में जानकारी ली।

‎राजस्व विभाग की ओर से कृषक रेखा देवी के खेत में 30 वर्ग मीटर का प्लाट तैयार कर सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया। प्राप्त फसल को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुखाने के बाद 15 दिन पश्चात उपज का वास्तविक आंकलन किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्मिकों से मंडुवे की किस्म एवं बीज की जानकारी लेते हुए क्रॉप कटिंग प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शिता एवं सटीकता से करने को कहा।

‎उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर फसलों की औसत उपज एवं कुल उत्पादन का आंकलन किया जाता है। इन्हीं आंकड़ों का उपयोग फसल क्षति की स्थिति में मुआवजा और फसल बीमा की राशि निर्धारित करने में भी किया जाता है। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और इच्छुक किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

‎इस मौके पर तहसीलदार राजेन्द्र सिंह गुनसोला, कानूनगो पवन कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह रावत, सांख्यिकी सहायक हर्षित उप्रेती, राजस्व उप निरीक्षक मदन लाल उनियाल, नीरज नेगी सहित ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *