टिहरी गढ़वाल: टिहरी गढ़वाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत चल रही नोटिस एवं सुनवाई की कार्रवाई के संबंध में आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी द्वारा एसआईआर के अंतर्गत नोटिस, सुनवाई एवं निस्तारण की प्रगति की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि एसआईआर के तहत सभी पात्र मतदाताओं को सुनवाई का अवसर सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी प्रकरणों का निस्तारण करने की प्रकिया जारी है। उन्होंने राजनीतिक दलों से भी प्रक्रिया में सहयोग करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में प्रारूप निर्वाचक नामावली से हटाए गए कुल 43,625 मतदाताओं के संबंध में कार्रवाई की जा रही है। वहीं विसंगति एवं अनमैप श्रेणी के कुल 1,17,501 मतदाताओं को निर्वाचन विभाग की ओर से नोटिस प्रेषित किए जा चुके हैं। संबंधित मामलों में सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई की कार्रवाई गतिमान है तथा 31 अगस्त 2026 सुनवाई की अंतिम तिथि निर्धारित है। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रकरणों का निस्तारण किया जाना है। जनपद में अब तक कुल 34,406 प्रकरणों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है। विधानसभा क्षेत्रवार सुनवाई की स्थिति में घनसाली में 2,697, देवप्रयाग में 8,423, नरेंद्रनगर में 6,462, प्रतापनगर में 3,675, टिहरी में 5,053 तथा धनोल्टी में 8,096 प्रकरणों की सुनवाई पूरी हो चुकी है।
बैठक में अवगत कराया कि फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 से संबंधित कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश सभी संबंधित लोगों को दिए गए है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा सुनवाई प्रक्रिया में पात्र एवं संबंधित व्यक्तियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने में सहयोग करने की अपील की गई। एडीओ पंचायत निर्वाचन विजय तिवारी ने बताया कि फॉर्म-6 के माध्यम से नए पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ने की प्रक्रिया के संबंध में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में फॉर्म-6 के संबंध में व्यापक जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रतिनिधि गब्बर सिंह, भाजपा मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल, बीजेपी से जयेंद्र पंवार, एडीओ पंचायत निर्वाचन विजय तिवारी, डीडीओ मो. असलम, प्रशासनिक अधिकारी जवाहर सिंह सहित संबंधित लोग उपस्थित रहे।