ग्राफिक एरा में ‘कौशल ज्योति’ का आगाज, मेधावी छात्र हुए सम्मानित

IMG_20260704_181338-2048x2048

भीमताल/देहरादून: ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल में  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नवनिर्मित अकादमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना के अंतर्गत निःशुल्क प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं तथा कौशल छात्रवृत्ति योजना के तहत निःशुल्क सर्टिफिकेट कोर्स कर रहे विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य का भविष्य उसकी सड़कों और इमारतों से नहीं, बल्कि विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के सपनों से तय होता है। उन्होंने कहा कि ग्राफिक एरा ने शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में जो पहचान बनाई है, वह पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है। संस्थान ने यह साबित किया है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और दूरदृष्टि के बल पर उत्तराखंड भी विश्वस्तरीय शिक्षा का केंद्र बन सकता है।

उन्होंने कहा कि नया अकादमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएंगे तथा शोध, नवाचार और रचनात्मक सोच को नई दिशा देंगे। मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए ग्राफिक एरा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह समावेशी विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क होटल मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किए जाने को सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने यह भी बताया कि कुमाऊं मंडल में ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय की स्थापना की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ विश्वविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और अन्य आधुनिक तकनीकी पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। साथ ही देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क और अल्मोड़ा में साइंस सेंटर जैसी परियोजनाओं के माध्यम से वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में वही युवा आगे बढ़ेगा, जो सीखने की क्षमता, नवाचार की सोच और बदलते वैश्विक परिवेश के अनुरूप स्वयं को ढालने का साहस रखेगा। उन्होंने छात्रों से केवल डिग्री तक सीमित न रहकर नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और उद्यमिता की भावना विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले पांच वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है। कार्यक्रम के दौरान धामी सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्राफिक एरा परिवार की ओर से केक भी काटा गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, ग्राफिक एरा प्रबंधन, शिक्षकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *