काशीपुर। गन्ना विकास परिषद काशीपुर के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक बीरेंद्र कुमार चौधरी ने बुधवार को परिक्षेत्र के विभिन्न गांवों का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बांसखेड़ा कलां, रायपुर खुर्द और ढकिया स्थित विभागीय पौधशालाओं एवं संचालित योजनाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि किसानों को विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का समुचित लाभ मिल रहा है, जिससे वे गन्ना खेती के प्रति अधिक प्रोत्साहित हो रहे हैं।
उन्होंने किसानों से संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि इससे फसलों में रोग एवं कीटों का प्रकोप कम होता है और उत्पादन में भी वृद्धि होती है। उन्होंने किसानों को अधिक वर्षा के दौरान निचले क्षेत्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह भी दी, ताकि फसलों को जलभराव से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि गन्ना विकास विभाग किसानों के साथ मिलकर कार्य कर रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रभारी सुरेश सिंह, गन्ना समिति काशीपुर के सचिव प्रभारी सुरेंद्र सिंह, परिक्षेत्र प्रचार-प्रसार प्रभारी वीरेंद्र कुमार मौर्य तथा गन्ना पर्यवेक्षक बहादुर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।