ग्राफिक एरा के दीक्षांत समारोह में अंतरराष्ट्रीय छात्रों की उपलब्धि का जश्न

IMG_20260624_170907-2048x2048

देहरादून:  ग्राफिक एरा में  आयोजित अंतरराष्ट्रीय दीक्षांत समारोह में शिक्षा, सांस्कृतिक विविधता और वैश्विक सहयोग का अनूठा संगम देखने को मिला। समारोह में 15 देशों के 84 विदेशी छात्र-छात्राओं को स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा की उपाधियां प्रदान की गईं। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में आयोजित बैच-2026 के इस विशेष दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि जिम्बाब्वे दूतावास के डेप्युटी हेड ऑफ मिशन पीटर होबवानी ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि अवसरों का सृजन करने और समाज को नई दिशा देने की शक्ति है। उन्होंने कहा कि वैश्विक उपलब्धियां सहयोग और साझेदारी से ही संभव हैं।

उन्होंने ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला की दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और संभावनाओं के नए द्वार खोले हैं। विशिष्ट अतिथि लेसोथो हाई कमीशन के चार्ज डी अफेयर्स मेत्सिंग एडियल लेम्फाने ने विद्यार्थियों से सांस्कृतिक विविधताओं के बीच सेतु बनकर देशों और समाजों को जोड़ने का आह्वान किया। वहीं युगांडा हाई कमीशन के एजुकेशन काउंसलर बेकर नांतुवुंडा बालुन्यवा ने कहा कि विश्वविद्यालय में विकसित वैश्विक नेटवर्क विद्यार्थियों की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसे उन्हें भविष्य में भी मजबूत बनाए रखना चाहिए।

ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि डिग्री केवल शैक्षणिक उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज और विश्व समुदाय के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य मानवता की सेवा और वैश्विक विकास में योगदान देना है। समारोह की शुरुआत भव्य अकादमिक शोभायात्रा से हुई। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह और ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की प्रभारी कुलपति डॉ. तबस्सुम नक़वी ने विश्वविद्यालयों की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

दीक्षांत समारोह में दक्षिण सूडान, नाइजीरिया, दक्षिण अफ्रीका, घाना, लाइबेरिया, तंजानिया, युगांडा, म्यांमार, नेपाल और जिम्बाब्वे सहित 15 देशों के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 51 विद्यार्थी ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी, 10 विद्यार्थी ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी तथा 23 विद्यार्थियों को ऑनलाइन कार्यक्रमों के तहत डिग्रियां दी गईं। विद्यार्थियों ने एमबीए, एमटेक, बीटेक, एमएससी, बीएससी, बीसीए, बीकॉम, बीए और होटल मैनेजमेंट सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन पूरा किया।

समारोह में प्रो-वीसी डॉ. संतोष एस. सर्राफ, कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार शर्मा, प्रभारी कुलसचिव डॉ. प्रमोद एस. नैयर, डीन ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स डॉ. डी.आर. गंगोडकर सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कई विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से भी समारोह से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *