उत्तराखंड : ईमेल बम धमकियों के बाद कोर्टों की सुरक्षा बढ़ी, आईजी गढ़वाल ने सर्च ऑपरेशन के निर्देश जारी

WhatsApp Image 2026-02-18 at 10.39.18 PM

देहरादून : उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में माननीय न्यायालयों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की गंभीर धमकियां मिलने के बाद पुलिस ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस महानिदेशक श्री राजीव स्वरूप ने सभी जिला पुलिस प्रभारियों को न्यायालय परिसरों में सुरक्षाबलों की संख्या बढ़ाने और प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गढ़वाल परिक्षेत्र ने समस्त जनपद प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाने के आदेश जारी किए हैं। इसमें एंटी-सबोटाज चेकिंग, स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड के माध्यम से न्यायालय भवनों का विस्तृत निरीक्षण शामिल है।

साथ ही, सीसीटीवी कैमरों से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, किसी संदिग्ध वस्तु या सूचना मिलने पर निर्धारित एसओपी के तहत सुरक्षित निकासी और त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखते हुए उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। धमकी भरे ईमेलों के स्रोत का पता लगाने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और साइबर सेल की विशेष टीमों को लगाया गया है। पुलिस ने घटना के शीघ्र अनावरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

आईजी गढ़वाल ने आमजन और अधिवक्ताओं से अपील की है कि किसी भी लावारिस वस्तु, संदिग्ध वाहन या व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। उन्होंने कहा कि ऐसी सूचनाएं जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि धमकियों को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है और राज्यभर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। फिलहाल किसी प्रकार की असामान्य घटना की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *